श्योपुर : शहर स्थित बीजेपी कार्यालय पर बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ लोगों ने आपत्तिजनक पोस्टर चिपका दिए. आरोप है कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी कार्यालय में घुसकर नारेबाजी कर धमकाया और आपत्तिजनक पोस्टर लगाए. बीजेपी जिला उपाध्यक्ष की रिपोर्ट पर कांग्रेस के 3 नेताओं के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने (beef chanda party posters) मामला दर्ज कर लिया है. बीजेपी कार्यालय पर लगाए गए पोस्टरों में लिखा है “बीफ कंपनियों से चंदा लेकर भरी तिजोरी, ये प्रेम या चंदा.”
कांग्रेस के 3 नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट
बीजेपी जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह जाट ने कोतवाली थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई. रिपोर्ट में कहा गया “परितोष उर्फ बंजी बना, अमित सोनी और आशीष सेन बिना अनुमति के कार्यालय में घुस आए. कार्यालय पर लगी शिलापट्टिका पर पार्टी के खिलाफ लिखा “गोभक्ति की नौटंकी करने वाली बीजेपी ने बीफ कंपनियों से चंदा लेकर अपनी तिजोरी भरी, ये गौ प्रेम है या चंदा.” राघवेंद्र सिंह जाट ने आरोप लगाया “जब कांग्रेसी नेताओं को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की तो गालीगलौज की और पोस्टर हटाने पर जान से मारने की धमकी दी.”
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने बीजेपी पर आरोप जड़े
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना है “श्योपुर में बीजेपी कार्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया. प्रदेश सचिव परितोष सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर पोस्टर लगाकर देश में गोवध पर पूर्ण रोक और गोमांस के व्यापार व निर्यात पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की. आरएसएस कार्यालय पहुंचकर (beef chanda party posters) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संघ प्रचारक से मुलाकात कर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए.”
