महाराष्ट्र और केंद्र में भले ही बीजेपी और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) एक साथ हों, लेकिन मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में दोनों दलों के बीच खटास एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है. कल्याण-डोंबिवली (MBMC Election Results) महानगरपालिका (KDMC) के बाद अब मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC) में कांग्रेस और एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने हाथ मिलाकर बीजेपी के खिलाफ संयुक्त विपक्षी मोर्चा बना लिया है.
मीरा-भायंदर नगर निगम में कांग्रेस और शिंदे गुट के नगरसेवकों ने मिलकर मीरा-भायंदर सिटी डेवलपमेंट फ्रंट (शहर विकास आघाडी) के नाम से एक साझा विपक्षी मंच का गठन किया है. महानगर पालिका के स्तर पर बीजेपी और शिवसेना के रिश्तों में तनाव लगातार बढ़ रहा है. इससे पहले ऐसे संकेत KDMC, ठाणे और नवी मुंबई में भी देखने को मिल चुके हैं. दरअसल वर्ष 2026 के मीरा-भायंदर नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल करते हुए 95 में से 78 निर्वाचित सीटें जीती हैं. हालांकि, अभी पांच नगरसेवकों का नामांकन होना बाकी है. इसके बावजूद विपक्षी दलों ने नगर निगम के भीतर संगठित होकर अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है.
MBMC Election Results – इस पूरे घटनाक्रम पर महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री और शिंदे गुट के वरिष्ठ नेता प्रताप सरनाईक ने कहा कि कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवकों ने मिलकर विपक्षी मोर्चा बनाया है, ताकि किसी एक पार्टी के बहुमत का दुरुपयोग न हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह न तो कांग्रेस के साथ कोई औपचारिक गठबंधन है और न ही विलय. सरनाईक ने कहा, यह समूह इसलिए बनाया गया है ताकि नगर निगम में विपक्ष की भी आवाज बनी रहे. मीरा-भायंदर के लोगों के हित में यह कदम उठाया गया है. शहर के विकास के लिए 16 नगरसेवक अपने-अपने राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर एक साथ आए हैं.


