महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है. बारामती में बुधवार सुबह को हुए विमान हादसे में उनकी जान गई. अजित पवार 66 साल के थे. उनके निधन से देश में शोक की लहर है. अजित पवार (Ajit Pawar dies in plane crash) चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे. लैंडिंग के दौरान ये घटना घटी. विमान में सवार सभी 5 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई.
Ajit Pawar dies in plane crash – डीजीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों की एक टीम दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो रही है. उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त लीयरजेट 45 विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोग सवार थे. अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार कोई भी व्यक्ति दुर्घटना में जीवित नहीं बचा.
कब-कैसे और कहां हुआ हादसा
-
- तारीख: 28 जनवरी, 2026
-
- एयरक्राफ्ट टाइप: लियरजेट 45
-
- एयरक्राफ्ट रजिस्ट्रेशन: VT-SSK
-
- कहां हुआ हादसा: बारामती एयरपोर्ट
-
- एयरक्राफ्ट में कितने लोग सवार थे: क्रू समेत 05
चश्मदीद ने क्या कहा?
मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया, ‘मैंने अपनी आंखों से देखा. यह सच में बहुत दुखद है. जब विमान नीचे उतर रहा था तो ऐसा लगा कि यह क्रैश हो जाएगा और यह क्रैश हो गया. फिर इसमें धमाका हुआ. बहुत बड़ा धमाका हुआ. उसके बाद, हम यहां भागे और देखा कि विमान में आग लगी हुई थी. विमान में फिर से 4-5 धमाके हुए और लोग यहां आए और उन्होंने लोगों को (विमान से) बाहर निकालने की कोशिश की. आग बहुत ज़्यादा लगी थी, लोग मदद नहीं कर पाए. अजित पवार विमान में थे और यह हमारे लिए बहुत दुखद है.
