सीतापुर/लखनऊ : तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन के खड़े डिब्बे में शनिवार तड़के आग लगने की घटना में यात्रियों की मौत से उत्तर प्रदेश में मातम छा गया। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के राहत विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, (Madurai Train Accident) ट्रेन में आग की घटना में शत्रु दमन सिंह (65) और मिथिलेश सिंह (60) की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। ये आठों बुजुर्ग लोगों के समूह का हिस्सा थे, जो तीर्थयात्रा पर गए थे।
इसे भी पढ़ें – विश्व कल्याण के प्रति नए भारत के संकल्प को प्रकट करता है शिवशक्ति प्वॉइंट : योगी
Madurai Train Accident – दुर्घटना की खबर से राजधानी लखनऊ से लगभग 80 किलोमीटर दूर सीतापुर में शोक फैल गया। शत्रु दमन सिंह के बेटे आलोक सिंह ने कहा मेरे पिता और मां 17 अगस्त को तीर्थयात्रा के लिए गए थे। वे आठ लोगों के समूह के साथ थे। मेरे पिता रोजाना सुबह सबसे पहले मुझे फोन करके यात्रा के बारे में जानकारी देते थे। आज मुझे कुछ अधिकारियों का फोन आया, जिन्होंने उनकी मृत्यु के बारे में बताया। हम दुर्घटना में घायल हुई मां के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। आलोक ने बताया कि हादसे में मारी गई महिला मिथिलेश सिंह उसकी रिश्तेदार थी। स्थानीय गुड़ व्यवसायी शत्रु दमन सिंह कई वर्षों से तीर्थयात्रा की योजना बना रहे थे।
इसे भी पढ़ें – मेरठ में दुष्कर्म के आरोप में पूर्व सांसद शाहिद अखलाक का बेटा गिरफ्तार
आलोक ने कहा मेरे पिता तीर्थ यात्रा की योजना बनाने वाले पहले व्यक्ति थे। इलाके के अन्य बुजुर्गों ने भी उनके साथ जाने की इच्छा व्यक्त की। यहां तक कि मेरे पिता ने उन सभी के लिए टिकट भी बुक किया। घायलों में से एक नीरज शुक्ला के भतीजे श्रवण शुक्ला ने बताया कि उसके चाचा और चाची इलाके के अन्य लोगों के साथ पवित्र यात्रा पर गए थे। नीरज ने कहा समूह ने शुक्रवार को तिरुपति बालाजी की यात्रा की और उसे आज रामेश्वरम पहुंचना था, लेकिन यह त्रासदी हो गई।
बताया जा रहा है कि सीतापुर के कुल नौ लोग 17 अगस्त से 30 अगस्त तक तीर्थयात्रा पर थे, जिनमें शत्रु दमन सिंह, उनकी पत्नी सुशीला सिंह, शिवप्रताप सिंह, उनकी पत्नी मिथिलेश सिंह, अशोक प्रजापति, उनकी पत्नी अलका प्रजापति, नीरज शुक्ला, उनकी पत्नी सरोजिनी और आनन्द प्रकाश त्रिपाठी शामिल थे।