लखनऊ। रामनगरी अयोध्या में हुई गोलीबारी और बमबाजी की घटना को लेकर (Lucknow KGMU Protest News) मंगलवार को राजधानी लखनऊ का माहौल बेहद गरमा गया। इस हिंसक घटना में गंभीर रूप से घायल अयोध्या निवासी पार्वती मौर्य की मंगलवार को लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य दर्जनों समर्थकों के साथ सीधे केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
Lucknow KGMU Protest News – पार्वती मौर्य के निधन की खबर मिलते ही केजीएमयू पोस्टमार्टम हाउस के बाहर देखते ही देखते सैकड़ों लोगों का हुजूम जमा हो गया। उग्र भीड़ ने मुख्य मार्ग पर बैठकर रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने हत्यारोपियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया,जिससे मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बुरी तरह बाधित रहा। इस दौरान स्थिति नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई।
अल्टीमेटम देकर हटे पूर्व मंत्री
काफी देर तक चले भारी हंगामे और नारेबाजी के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने पुलिस प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि पीड़ित परिवार की अपेक्षा के अनुरूप आरोपियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे दोबारा इसी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे और इस बार का घेराव और भी ज्यादा जोरदार होगा। पुलिस प्रशासन के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
