उत्तराखंड में रविवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले जयपुर निवासी पायलट और लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर) राजवीर सिंह चौहान की आज मंगलवार को अंतिम यात्रा निकाली गई. अंतिम यात्रा में राजवीर (Kedarnath helicopter accident) की पत्नी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान के साथ राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी शामिल हुए. इस दौरान राठौड़ ने कहा कि वो बहुत कम उम्र में चले गए.
इसे भी पढ़ें – 2000 घंटे उड़ान का अनुभव, लेफ्टिनेंट कर्नल से रिटायर… कौन हैं केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले पायलट राजवीर सिंह
Kedarnath helicopter accident – हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए राजवीर सिंह की पत्नी दीपिका भी खुद सेना में अधिकारी हैं और वह लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं. पति के अंतिम संस्कार के लिए निकाली गई अंतिम यात्रा में वह अपनी वर्दी में नजर आईं. उन्होंने अपने पति की तस्वीर को हाथों में ले रखा था और इस दौरान उनकी आंखें नम थीं. राजवीर कुछ महीने पहले ही जुड़वा बच्चों के पिता बने थे.
वीर सैनिक को मेरा नमनः राज्यवर्धन सिंह
जयपुर के शास्त्री नगर में पायलट राजवीर सिंह चौहान के अंतिम संस्कार के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, “मैं उन्हें श्रद्धांजलि देने आया हूं, वह इतनी कम उम्र में हमें छोड़कर चले गए. मैं उनके साथियों से बात कर रहा था और उनकी तारीफ सुन रहा था. मैं ऐसे वीर सैनिक को नमन करता हूं. इन सबके बावजूद मां की ताकत देखिए, उन्होंने ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाया, ऐसी माताओं की वजह से ही हमारा भारत मजबूत है. वह एक मजबूत और गजब के अधिकारी थे. वह अपने पीछे 2 बच्चे छोड़ गए हैं. भगवान शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे.”

