रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने रायपुर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की है. कांग्रेस के (law and order) प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस कमिश्नर रायपुर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा है. कांग्रेस ने शहर और ग्रामीण अंचलों में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
रायपुर में हत्या, लूट और चाकूबाजी से दहशत का माहौल
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि रायपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या, लूट, मारपीट, छेड़छाड़, बलात्कार और चाकूबाजी जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है. इन घटनाओं के चलते आम जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है. छात्र, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
कड़ी पुलिसिंग और जवाबदेही तय करने की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने के लिए कड़ी और प्रभावी पुलिसिंग की मांग की. साथ ही अवैध सट्टा, जुआ, नशा और शराब के अड्डों को स्थायी रूप से बंद करने की मांग (law and order) कांग्रेस ने की है. इसके अलावा कांग्रेस ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग रायपुर पुलिस कमिश्नर से की है. कांग्रेस नेताओं ने जनता से चालान के नाम पर की जा रही अनावश्यक वसूली पर रोक लगाने की मांग की है.
