कवर्धा: रेंगाखार सर्किल अंतर्गत लावा-बेरला बीट के जंगल में भीषण आग की घटना सामने आई है. आग लगने की वजह से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. आग इतनी भयावह है कि देखते ही देखते जंगल का एक बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया. दर्जनों पेड़ जलकर खाक हो गए. आग की वजह से वन संपदा को काफी नुकसान हुआ है. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग काफी दूर से दिखाई पड़ रहा है. धुएं के गुबार की वजह से आसमान भी काला नजर आ रहा है.
लावा-बेरला बीट में लगी आग
आग कैसे लगी अभी इसका पता नहीं चल पाया है. वन विभाग की टीमें आग लगने की वजहों को पता करने में जुट गई हैं. स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत है कि आग लगने की खबर तत्काल वन विभाग को फोन के माध्यम से दे दी गई. बावजूद इसके वन विभाग के कर्मचारी काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचे. ग्रामीणों का कहना है कि आग बुझाने की जो व्यवस्था वन विभाग के पास होनी चाहिए थी वो नहीं है. इसकी वजह से इस तरह के हादसों पर काबू पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी
जंगल में लगी आग को बुझाने की कोशिशें जारी हैं. वन विभाग की टीम लगातार आग को फैलने से रोकने के लिए पर्याप्त इतंजाम कर रही है. गर्मी और कड़ी धूम की वजह से आग पर काबू पाने में दिक्कत हो रही है. हवाओं की वजह से भी आग तेजी से फैल रही है. आग पर काबू पाने के बाद ये साफ हो पाएगा कि आग से कितना नुकसान वन विभाग को हुआ. आग लगी है या लगाई गई है इसका पता लगाया जा रहा है.
डीएफओ का बयान
वन मंडल अधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि रेंगाखार रेंज के लावा- बेरला वन परिक्षेत्र में अज्ञात कारण से आगजनी हुई है, घटना कि सूचना मिलते हैं वनकर्मियों कि टीम मौके पर पहुंच कर आग को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है.


