हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस ने 14 सितंबर को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. दोनों मामलों में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार (Anti Drugs Operation) किया गया है, जबकि एक नाबालिग को नियमानुसार उसके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस ने इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.70 ग्राम अफीम, 1 किलो 814.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा बरामद किया है.

 Anti Drugs Operation – धर्मशाला में एएसपी (ASP) कांगड़ा संजीव चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पहला मामला बैजनाथ थाना क्षेत्र के गणखेत्तर रेलवे क्रॉसिंग के पास का है, जहां सीआईए टीम ने नाकाबंदी के दौरान 1 किलो 813 ग्राम चरस बरामद की. इस मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया, जिसे कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस इस मामले में ऑल्टो K10 कार, होंडा स्कूटी और पल्सर बाइक के जरिए आरोपियों के बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है.

 मध्य प्रदेश और राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस का दूसरा मामला मैक्लोडगंज थाना क्षेत्र के अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम (EDM) हॉस्टल का है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां छापेमारी की और तलाशी के दौरान बार रूम के कूड़ेदान से एक काला पर्स बरामद किया, जिसमें 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.70 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा मिला. इस मामले में एफआईआर नंबर 56/2026 दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान अमीर खान (निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश) और राधेश रंजन पजोरिया (निवासी चित्तौड़गढ़, राजस्थान) के रूप में हुई है.

Share.
Exit mobile version