
राजौंद पुलिस थाना।
–
कंपनी का सदस्य बनाने व उसी के जरिये विदेश भेजने के नाम पर चार लोगों ने राजौंद के कुछ लोगों से 65 लाख 72 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। राजौंद निवासी रामकरण उर्फ प्रमोद राणा ने पुलिस को शिकायत दी कि गुजरात निवासी प्रोपराइटर भरत कुमार दलवाड़ी, चंडीगढ़ निवासी सुनील कुमार वर्मा, कैथल निवासी करनैल सैनी व गुजरात के विपिन जोशी ने फर्जीवाडा करके आर्मा आई लाइट ग्लोबल ट्रेड नाम की एक कंपनी बना ली।
आरोपियों ने कई जगह सेमिनार किया व ऑनलाइन विज्ञापन दिया। उन्होंने राजौंद में आकर भी सेमिनार किया और बताया कि कोई भी व्यक्ति कंपनी में पैसे लगाता है तो अपने नीचे और सदस्य कंपनी में जोड़ना है। उनके रुपये भी कंपनी में लगाते हैं तो थोड़े ही समय में तीन से चार गुना मुनाफा मिलता है और विदेश भी भेजा जाता है।
आरोपियों ने कहा कि कम से कम 100 डॉलर की एक आईडी लगेगी। इससे ज्यादा सदस्य जितनी मर्जी आईडी लगा सकते हैं। आरोपियों ने यह भी कहा कि जो व्यक्ति अपने नीचे जितने अधिक व्यक्तियों को जोड़ेगा, उसको पांच प्रतिशत अतिरिक्त बोनस व कंपनी में एक रैंक भी दिया जाएगा। रैंक के हिसाब से प्रतिमाह सदस्य के खाते में डॉलर डाले जाएंगे। साथ ही सदस्यों को विदेश टूर वीजा पर भेजा जाएगा।

