कैमूर : बिहार के कैमूर जिले से एक ऐसा रूह कँपा देने वाला और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे सूबे को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक कलयुगी व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही सगे बड़े भाई, भाभी और मासूम भतीजे-भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी। क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए आरोपियों ने हत्या के बाद (Kaimur Murder Case) चारों शवों के कटर से टुकड़े – टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग सूटकेस व बोरियों में भरकर सुनसान जगहों पर फेंक दिया।
💼 नदी में तैरते सूटकेस से खुला खौफनाक राज
इस वीभत्स मामले का सनसनीखेज खुलासा तब हुआ जब बीती 10 मई को स्थानीय पुलिस को एक नदी के नीचे पड़े दो लावारिस सूटकेस से कटे हुए मानव शरीर के अंग बरामद हुए। शुरुआती फॉरेंसिक जांच में पुलिस को आशंका हुई कि ये कटे हुए अंग तीन या चार अलग-अलग लोगों के हो सकते हैं। इसके ठीक दो दिन (Kaimur Murder Case) बाद यानी 12 मई को रामगढ़ के अभेदे गांव के पास एक नहर के किनारे दो अन्य बोरियों में पैक किए गए शवों के टुकड़े मिले।
🕵️ सगे भाई ने पूछताछ में कबूला अपना जघन्य गुनाह
मामले की भयावहता और गंभीरता को देखते हुए कैमूर के पुलिस अधीक्षक (SP) हरिमोहन शुक्ला ने मामले के त्वरित खुलासे के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और स्थानीय संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक कृष्ण मुरारी गुप्ता के सगे छोटे भाई विकास गुप्ता को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पुलिसिया पूछताछ के आगे टूटते हुए विकास गुप्ता ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
