जैसलमेर: जिले के पोकरण क्षेत्र से इंसानियत को (Jaisalmer Crime News) झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक पिता द्वारा अपनी नाबालिग बेटी को पैसों के लालच में बेचने और उसकी जबरन शादी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पिता पर आरोप है कि उसने बिहार के अरवल जिले में अपनी दूसरी पत्नी और कुछ परिचितों के साथ मिलकर महज 2 लाख रुपये में नाबालिग बेटी का सौदा कर दिया था।
Jaisalmer Crime News – इसके बाद पोकरण के एक युवक ने नाबालिग से जबरन शादी कर उसे अपने पास रखा हुआ था। जब इस पूरी करतूत की जानकारी बालिका के चाचा को मिली, तो उन्होंने तुरंत पोकरण थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्परता दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को धर दबोचा और नाबालिग को सकुशल मुक्त करा लिया।
2 लाख रुपये में सौदा करने का गंभीर आरोप
नाबालिग के चाचा द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, अरवल जिले में रहने वाले उसके पिता ने अपनी दूसरी पत्नी और अन्य बिचौलियों के साथ मिलकर बेटी का 2 लाख रुपये में सौदा किया था। पोकरण पुलिस अब यह गहनता से पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग को बिहार से राजस्थान किन रास्तों और परिस्थितियों के तहत लाया गया तथा इस मानव तस्करी और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिहार पुलिस को ट्रांसफर किया गया मामला
चूंकि यह पूरा आपराधिक मामला मूल रूप से बिहार के अरवल जिले से जुड़ा हुआ है, इसलिए पोकरण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ‘जीरो नंबर एफआईआर’ दर्ज की। इसके बाद आगे की कानूनी जांच और मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचने के लिए मामले की फाइल को अरवल थाना पुलिस को अग्रिम कार्रवाई हेतु भेज दिया गया है। बिहार की अरवल पुलिस मामले में नाबालिग के पिता, उसकी दूसरी पत्नी, परिचितों और इस अवैध सौदे में संलिप्त अन्य बिचौलियों की भूमिका की गहराई से जांच करेगी।
