नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकटिंग शाखा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने टिकट बुकिंग के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। आगामी त्योहारी सीजन (IRCTC Booking Record) के चलते एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) विंडो खुलते ही रेल टिकटों की मांग में भारी उछाल दर्ज किया गया।
IRCTC Booking Record – IRCTC के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को कुल 20,06,353 टिकट बुक किए गए, जो अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड है। वहीं इससे पूर्व 8 सितंबर को भी लगभग 19.50 लाख टिकट सफलतापूर्वक बुक किए गए थे। त्योहारों के दौरान कंफर्म सीट पाने की होड़ और डिजिटल टिकटिंग के प्रति बढ़ते भरोसे को इस अभूतपूर्व आंकड़े का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Anti-BOT तकनीक से दलालों पर लगाम
अवैध दलालों और स्क्रिप्ट्स द्वारा तेजी से टिकट बुक करने के प्रयासों को रोकने के लिए Anti-BOT और उच्च CDN सुरक्षा तकनीक लागू की गई है। आधुनिक सुरक्षा उपायों के चलते ऑटोमेटेड BOT ट्रैफिक में 55 से 65 फीसदी तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। रेलवे सुरक्षा बल और साइबर सेल द्वारा अवैध सॉफ्टवेयर, क्लोन ऐप्स और अनधिकृत वेबसाइटों के विरुद्ध लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
3 करोड़ से अधिक फर्जी यूजर ID ब्लॉक
अवैध टिकटिंग और कालाबाजारी को समूल समाप्त करने के उद्देश्य से IRCTC ने अब तक 3.04 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी को स्थाई रूप से बंद कर दिया है। 6.33 करोड़ यूजर प्रोफाइल को दोबारा सत्यापन (Re-validation) के दायरे में भेजा गया है। धोखाधड़ी और मास-बुकिंग में इस्तेमाल किए जा रहे करीब 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन को पूरी तरह ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
