इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर और जाकिर हुसैन के रूप में हुई है, और ये दोनों रिश्ते में ससुर-दामाद हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 254 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी (Indore Drug Seizure News) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है.
लहसुन के कारोबार की आड़ में चल रहा था नशे का धंधा
पुलिस की शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई है कि आरोपी जाकिर हुसैन असल में लहसुन की खरीद-फरोख्त का व्यापार करता था, और आरोप है कि वह इसी वैध कारोबार की आड़ में छिपकर एमडी ड्रग्स की तस्करी कर रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे कब से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे और अब तक किन-किन लोगों तक ड्रग्स पहुँचा चुके हैं. वहीं, पूछताछ में समीर को लेकर यह जानकारी सामने आई है कि उसके पिता पर भारी कर्ज था, और इसी कर्ज को चुकाने के चक्कर में वह ड्रग्स तस्करी के दलदल में उतर गया था.
त्योहारी सीजन में सप्लाई की थी पूरी तैयारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी दशहरे और दीवाली के त्यौहारी सीजन के दौरान इंदौर में एमडी ड्रग्स की खेप खपाने की तैयारी में थे. त्योहारों के वक्त नशीले पदार्थों की मांग अचानक बढ़ने की संभावना के बीच पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है, जिससे समय रहते एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई. डीसीपी इंदौर (Indore Drug Seizure News) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, मामले में आगे की जाँच के दौरान ड्रग्स तस्करी से जुड़े अन्य सप्लायरों और उनके संपर्कों की परतें भी जल्द उघड़ेंगी.


