इंडोनेशिया के उत्तरी मोलुक्का सागर में 2 मार्च को काफी तेज भूकंप आया. इस भूकंप की तीव्रता 7.4 रही. भूकंप की वजह उत्तरी इंडोनेशिया में छोटी सुनामी लहरें उठीं. पूर्वी इंडोनेशिया के टेरनाटे शहर के तट से दूर उत्तरी मोलुक्का सागर में आने की वजह से आसपास के द्वीपों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता शुरू में 7.8 मापी गई थी, इसका केंद्र 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर था. भूकंप का केंद्र इंडोनेशिया के उत्तरी मलुकु प्रांत में स्थित टेरनाटे से लगभग 120 किलोमीटर (75 मील) दूर था. अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के तटों पर भूकंप के केंद्र से 1,000 किलोमीटर (621 मील) के दायरे में खतरनाक सुनामी लहरें आने की आशंका है.
‘सोकर उठे ही थे कि भूकंप आ गया’
उत्तरी सुलावेसी प्रांत के तटीय शहर बिटुंग में भूकंप के झटके ज्यादा जोर से महसूस किए गए, यहां डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर भाग निकले. हम अभी-अभी सोकर उठे ही थे कि अचानक भूकंप आ गया. हम सब घर से बाहर भाग निकले और वहां के रहने वाले एक मार्टेनमंडागी ने बताया कि झटके वाकई में बहुत तेज थे. मंडागी ने बताया कि उन्हें अपने इलाके में कोई नुकसान नहीं दिखा.
उन्होंने कहा कि हम अभी भी जांच कर रहे हैं कि कोई नुकसान हुआ है या नहीं लेकिन यहां हम सुरक्षित हैं, कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही कोई तबाही हुई है. अधिकारियों ने तटीय इलाकों के निवासियों से शांत रहने, सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों को मानने की अपील की है. यहां स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.


