मुंबई। आईआईटी बॉम्बे के 22 वर्षीय होनहार छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे की आत्महत्या के मामले की जांच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) ने अपने हाथों में ले ली है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आरोपी बनाए गए संस्थान के एक प्रोफेसर और अन्य संबंधित अधिकारियों को कड़ाई से पूछताछ के लिए जल्द ही तलब किया जा सकता है।
IIT Bombay Suicide News – महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के मूल निवासी साहिल वाकोडे आईआईटी बॉम्बे के ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग (Energy Science & Engineering Department) में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र थे। शुक्रवार शाम वे पवई स्थित परिसर के छात्रावास संख्या-4 के अपने कमरे में मृत पाए गए थे।
पुलिस और संस्थान से मिली जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले मध्य-सेमेस्टर (Mid-Semester) परीक्षा के दौरान साहिल के पास कथित तौर पर एक मोबाइल फोन मिला था और परीक्षा में चैटजीपीटी (ChatGPT) के इस्तेमाल की बात सामने आई थी।आईआईटी बॉम्बे द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, छात्र ने परीक्षा के दौरान उत्तर प्राप्त करने के लिए प्रश्नपत्र को चैटजीपीटी पर अपलोड किया था।
परिजनों ने लगाए संस्थागत उत्पीड़न और भेदभाव के गंभीर आरोप
मृतक छात्र के माता-पिता की लिखित शिकायत के आधार पर पवई थाने में शनिवार को आत्महत्या के लिए उकसाने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम (SC/ST Act) की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि साहिल को अपनी मौत से पहले लगातार संस्थागत उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ रहा था।


