उत्तर प्रदेश की बस्ती के हर्रेया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में अजय सिंह उनपर लगे आरोपों को लेकर (BJP MLA’s Video Viral) सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वालों को श्राप देते दिखाई दे रहे हैं. दरअसल, एक लड़के की 25 मार्च को मौत हो गई थी. घरवालों ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई. इसी मामले में एक अफवाह उड़ी कि विधायक पुलिस को सपोर्ट कर रहे हैं और प्राथमिकी दर्ज नहीं होने दे रहे हैं. इसके बाद विधायक ने अपनी सफाई दी.
क्या है मामला?
बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के उभाई गांव में आदर्श उपाध्याय की 25 मार्च को मौत हो गई थी. परिजन ने पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगाया था. इस घटना के विरोध में बीजेपी, सपा और कांग्रेस के नेता पीड़ित परिवार मिले और उनके साथ खड़े नजर आए. इसके बाद एसओ जितेंद्र को लाइन हाजिर किया गया और एक दरोगा एक सिपाही को निलंबित किया गया.
BJP MLA’s Video Viral – इस घटना को लेकर बीजेपी विधायक अजय सिंह पर पुलिस वालों का साथ देने की अफवाह फैलने लगी. इसके बाद अजय सिंह पीड़ित परिवार से मिले और अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि जो लोग भ्रम फैला रहे कि हम पुलिस की साथ दे रहे हैं, मैं उनको श्राप दे सकता हूं. इतनी बड़ी घटना हुई है. एक ब्राह्मण की हत्या हुई है और उसके बाद कोई कह रहा है कि विधायक संरक्षण दे रहे हैं, एफआईआर नहीं होने दे रहे हैं, जो लोग इस तरह की राजनीति कर रहे हैं, उनका विनाश हो जाएगा, नोट कर लो मैं भी श्राप दे सकता हूं.

