- कटी हुई फसल बेकार
बछरावां रायबरेली। अचानक मौसम की बदली करवट ने किसानों के सामने एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। आपको बता दें कि बीती रात से तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश किसानों के लिए कष्टकारी साबित हो रही है। क्योंकि जहां पकी खड़ी धान की फसल जमीन में धराशाई हो गई, वहीं पहले से कटी पड़ी फसल को भी नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में धान की फसल लगभग पककर तैयार है। कुछ किसान फसल काट कर मडाई की तैयारी कर रहे थे। लेकिन बीती रात से तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण खेतों में पक कर खडी फसल को भी धराशायी कर दिया।
जिससे किसानों को अंतिम चरण में प्राकृतिक प्रकोप से धान समेत अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है। किसान अरुण कुमार सूरज कुमार, सुरेंद्र मिश्रा, मनोज सिंह, विद्याधर शुक्ला, अंकुर चौधरी, जितेंद्र कुमार, गंगासागर साहू, विष्णु कांत मिश्रा, शिव प्रसाद सैनी सहित अन्य किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश से धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है।
तेज हवा के कारण धान के पौधे खेतों में गिर गए हैं। इसका परिणाम यह है कि तैयार धान खराब होने के साथ-साथ उत्पादन में भी गिरावट आएगी। जो खेतों में कटा धान पड़ा है उसका दाना काला पड़ने की संभावना है। साथ ही धान कुटाई के दौरान चावल अधिक मात्रा में टूटने के आसार हैं। वहीं और बारिश हुई तो हम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।