Western Disturbance will be active from today, possibility of rain till June 30

मौसम की रिपोर्ट
– फोटो : self


उत्तर पर्वतीय क्षेत्र में शनिवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से पंजाब पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसे बंगाल की खाड़ी पर बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र से भी नमी मिलेगी। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो इस मौसम प्रणाली से हरियाणा में 30 जून तक बारिश की संभावना रहेगी। उधर सिरसा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी उष्ण आर्द्र हवाएं चलने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और उमस भरी पसीने वाली गर्मी अपने रंग दिखा रही है। प्रदेश में शुक्रवार को सिरसा का तापमान 43.0 पार पहुंच गया। प्रदेश भर में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

इस कारण से दोपहर बाद हीट क्लाउड देखने को मिल रहे हैं और बूंदाबांदी व बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 32.0 से 43.4 और न्यूनतम तापमान 26.0 से 30.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

आगे ऐसा रहेगा मौसम

आने वाले 24-48 घंटों में हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में एक बार फिर से दक्षिणी पूर्वी हवाओं का आगाज देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। वहीं शनिवार शाम तक उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पंजाब पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा।

एक टर्फ रेखा दक्षिणी पंजाब से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के पूर्वी हिस्से से होती हुई मध्य प्रदेश तक बनेगी। इस वजह पछुआ और पूरवा हवाओं के मिलन से बादल अपना डेरा जमा लेंगे और हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के पूर्वी हिस्सों पर 24 जून से प्री मानसून की गतिविधियां शुरू होंगी।

धीरे धीरे प्रदेश में 25 से 30 जून के दौरान इन गतिविधियों का देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग ने इस दौरान येलो अलर्ट जारी कर दिया है। अगले 24-48 घंटों में सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली और जिला महेंद्रगढ़ में एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाला है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में उष्ण आर्द्र गर्म नमी वाली हवाओं ने सम्पूर्ण इलाके पर उमसभरी पसीने वाली गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज़ किए हुए हैं और धीरे धीरे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। संपूर्ण राज्य और जिला महेंद्रगढ़ में अभी भी दिन के तापमान सामान्य से कम बनें हुए हैं परंतु उष्ण आर्द्र हवाओं की वजह से सम्पूर्ण इलाके में उमसभरी पसीने वाली गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हैं।

Share.
Exit mobile version