चरखी दादरी: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा के बाढड़ा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर (Haryana Politics News) जमकर निशाना साधा. दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बारिश की भारी कमी और नहरी पानी की किल्लत के कारण दादरी, भिवानी सहित कई जिलों के किसान गहरे संकट में हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि इन क्षेत्रों को तुरंत सूखाग्रस्त घोषित किया जाए, विशेष गिरदावरी कराई जाए और किसानों को प्रति एकड़ उचित मुआवजा दिया जाए.

Haryana Politics News – अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बताया कि यूपी सीमा से हरियाणा होते हुए राजस्थान बॉर्डर तक कनेक्टिविटी देने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को 2013 में कांग्रेस शासन के दौरान अधिसूचित कराया गया था, जिसका काम झज्जर के बाद अटका हुआ है. उन्होंने कहा उन्होंने संसद सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है, जिस पर मंत्रालय से आश्वासन मिला है कि झज्जर से आगे दादरी, बाढड़ा और लोहारू होते हुए राजस्थान बॉर्डर तक फोरलेन का काम जल्द आगे बढ़ेगा.

 जनता महंगाई से त्रस्त और नेता मस्त

मौजूदा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से तमाम झूठे वादे किए गए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के जरिए पक्की नौकरियों को कच्चा करके बैकडोर एंट्री कराई जा रही है, जिससे राज्य के युवाओं का हक छीना जा रहा है. आज आम जनता महंगाई और तमाम कष्टों से त्रस्त है, जबकि सत्ताधारी नेता जनसमस्याओं से बेपरवाह होकर अपनी कॉलोनियां काटने और अन्य कामों में मस्त हैं.

Share.
Exit mobile version