कांग्रेस ने हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा उप चुनाव में प्रचार के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व सांसद श्रुति चौधरी का टिकट काटने के बाद पार्टी ने उनकी मां और मौजूदा विधायक किरण चौधरी को एक और झटका दिया है। प्रदेश के लिए जारी पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में किरण चौधरी का नाम शामिल नहीं किया गया है। टिकट वितरण की तरह स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी हुड्डा ग्रुप भारी नजर आ रहा है। हुड्डा समर्थित कईं विधायकों को इस लिस्ट में जगह दी गई है, जबकि श्रुति चौधरी और उनकी मां किरण चौधरी का नाम इस लिस्ट से गायब है।
इसे भी पढ़ें – हरियाणा की अलग हो राजधानी और हाईकोर्ट – एससी चौधरी
40 स्टार प्रचारकों की सूची हुई जारी
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। स्टार प्रचारकों की सूची में अभी हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए बीरेंद्र सिंह को जगह दी गई है। वहीं, सिरसा से लोकसभा प्रत्याशी कुमारी सैलजा भी चुनावी रैलियों में शामिल होंगी। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान और राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला के नाम कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल है।
इसे भी पढ़ें – कुरुक्षेत्र में इंडिया गठबंधन को मिली बड़ी सफलता, 70 सरपंचों ने दिया समर्थन
हिमाचल के सीएम भी सूची में शामिल
हरियाणा के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भी नाम शामिल है। हालांकि यह अभी तय नहीं हो पाया है कि ये लोग कब हरियाणा में प्रचार के लिए आएंगे, लेकिन इतना तय है कि उस बार प्रदेश का चुनावी दंगल काफी रोचक होगा। पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया के नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल है।