हरिद्वार में अगले वर्ष आयोजित होने जा रहे कुंभ मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज गति से आगे बढ़ रही हैं. मेला क्षेत्र में प्रस्तावित आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों को जुटा दिया गया है. मेलाधिकारी (Haridwar Kumbh 2027) सोनिका स्वयं लगातार ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा और निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न रहे और कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हों.
इसे भी पढ़ें – पहाड़ जैसा हौसला! मिलिए उस ‘Red Rice Lady’ से जिसने बंजर जमीन पर उगाया सोना
मंगलवार सुबह मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने इन क्षेत्रों में प्रस्तावित सड़कों, घाटों और पुलों की स्थिति का जायजा लिया. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक समागम है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है.
इसे भी पढ़ें – हरिद्वार से कांवड़ ला रही मुस्लिम लड़की तमन्ना, बिजनौर में हुआ भव्य स्वागत
Haridwar Kumbh 2027 – निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप क्षेत्र में अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर स्थलों की भूमि का समुचित समतलीकरण समय रहते पूरा किया जाए. इसके अतिरिक्त उन्होंने पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि मेले के दौरान यातायात का दबाव नियंत्रित रखा जा सके. उन्होंने कहा कि कुंभ मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए.


