किसी ने अपना भाई खो दिया, किसी की गोद सूनी हो गई, तो किसी मां की आंखों के सामने ही उसके जिगर के टुकड़े ने जिंदगी की जंग हार दी. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के पास हुए इस भीषण और दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को जिंदगी भर न भूलने वाला खौफनाक जख्म दिया है. माता के (Sheetla Mata Mandir Accident) दरबार में दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचे श्रद्धालुओं को क्या मालूम था कि मंदिर की चौखट पर ही उनकी खुशियां पल भर में मातम में बदल जाएंगी.
Sheetla Mata Mandir Accident – ग्वालियर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे चीनौर रोड की ढलान पर मौत बनकर दौड़े एक बेकाबू ट्रक ने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया. शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु सड़क किनारे मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हुआ और लोगों को कुचलता हुआ दुकानों से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर के प्रवेश द्वार की भारी दीवार ढह गई और कई लोग मलबे के नीचे दब गए. देखते ही देखते श्रद्धा का यह पवित्र स्थान चीख-पुकार, आंसुओं और अपनों को तलाशते बिलखते लोगों की आवाजों से गूंज उठा.
14 मौतों से पसरा मातम, 35 घायल; आंखों के सामने जिंदगी की जंग हार गया 16 साल का गणेश
इस भयानक हादसे में अब तक 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है और करीब 35 अन्य लोग घायल हैं, जिनमें दो होमगार्ड जवान भी शामिल हैं. अस्पताल में भर्ती घायलों में सात की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. लेकिन इन आंकड़ों से कहीं बड़ा वह दर्द है, जो अस्पताल के गलियारों में अपने परिजनों की सांसें तलाशते लोगों की पथराई आंखों में साफ दिखाई दे रहा है.


