टेक दिग्गज गूगल ने अपने नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल Gemini 3.1 Pro को लॉन्च कर दिया है. कंपनी का दावा है कि यह मॉडल पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट है और जटिल समस्याओं को बेहतर तरीके से समझ कर हल कर सकता है. यह अपडेट ऐसे समय आया है जब जनरेटिव AI की रेस तेजी से तेज हो रही है. नए मॉडल (Google Gemini 3.1 Pro Launched) को खास तौर पर मल्टी-लेयर टास्क और कठिन क्वेरी संभालने के लिए तैयार किया गया है. चलिए जानते हैं नए मॉडल के फीचर्स और पावर के बारे में…
गूगल के अनुसार, Gemini 3.1 Pro, पिछले Gemini 3 Pro के मुकाबले कोर रीजनिंग में काफी स्मार्ट हुआ है. कंपनी इसे ऐसे मॉडल के रूप में पेश कर रही है जो सिर्फ जवाब देने तक सीमित नहीं बल्कि समस्याओं को समझकर समाधान निकाल सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह मॉडल खास तौर पर उन परिस्थितियों के लिए डिजाइन किया गया है जहां साधारण जवाब पर्याप्त नहीं होते. नई रिजनिंग तकनीकों की मदद से यह जटिल और मल्टी-लेयरिंग सवालों को अधिक सटीक तरीके से प्रोसेस करता है. इससे AI के व्यावहारिक उपयोग की संभावनाएं और बढ़ती दिख रही हैं.
Google Gemini 3.1 Pro Launched – टेक रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म जीएसएम एरिना के अनुसार, Gemini 3.1 Pro ने कई AI बेंचमार्क में मजबूत परफॉर्मेंस किया है. खास तौर पर ARC-AGI-2 टेस्ट में मॉडल ने प्रतिद्वंद्वी फ्लैगशिप AI मॉडलों को पीछे छोड़ने का दावा किया गया है. यह बेंचमार्क किसी AI की नई लॉजिक पैटर्न समझने की क्षमता को परखता है. गूगल का कहना है कि बेहतर स्कोर इस बात का संकेत है कि मॉडल की अनुकूलनशीलता और प्रॉब्लम-सॉल्विंग क्षमता में वास्तविक सुधार हुआ है. इससे AI प्रतिस्पर्धा में कंपनी की स्थिति मजबूत हो सकती है.


