गाजियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में तीन बहनों के आत्महत्या करने के मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं. सोसाइटी के 9वीं मंजिल के अपने फ्लैट से कूदकर चेतन कुमार की बेटी 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने चार फरवरी को आत्महत्या कर ली थी. वहीं इस सुसाइड के बाद चेतन ने मृत बेटियों को (Ghaziabad Suicide Case) कोरियन गेम और वीडियो का आदी बताया था. घटना के बाद पुलिस ने बीते शुक्रवार को चेतन और उसकी तीनों पत्नियों से करीब घंटे भर पूछताछ की.
बीते शुक्रवार को चेतन ने परिवार के साथ दिल्ली में बच्चियों के अस्थि विसर्जित किए. घर लौटने पर रात करीब 9 बजे पुलिसटीम पहुंची और उन्हें डीसीपी कार्यालय ले गई. यहां डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने चेतन, उनकी पहली पत्नी सुजाता, दूसरी पत्नी हिना (सुजाता की बहन) और तीसरी पत्नी टीना से बारी-बारी पूछताछ की. उसके बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया और वह अपने फ्लैट पर वापस आ गए.
दहशत में हैं सोसाइट के लोग
घटना के बाद से क्राइम सीन पर लगाई गई रस्सी और बैरियर को अभी नहीं हटाया गया है. सोसाइटी के लोग घटना के बाद से ही दहशत में हैं. वहीं पुलिस पूछताछ में चेतन ने एक और महिला से संबंध होने की बात स्वीकार की है. शुक्रवार रात को पुलिस ने फ्लैट पर भी जांच पड़ताल की.
स्कूल नहीं जाती थी मृतक बहनें
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मृत तीनों बहनें स्कूल नहीं जाती थी. चेतन ने पुलिस को बताया कि तीनों बेटियों ने कोरोना के समय में स्कूल जाना बंद कर दिया था. इसके बाद उन्हें कई बार स्कूल (Ghaziabad Suicide Case) भेजने की कोशिश की, लेकिन तीनों स्कूल नहीं गईं.


