फरीदाबाद: हरियाणा के औद्योगिक शहर फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से (Faridabad Hotel Murder Case) एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। यहाँ की चावला कॉलोनी स्थित एक होटल के कमरे में अपनी महिला मित्र की हत्या करने वाले आरोपी प्रेमी को पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा है। पुलिस की पूछताछ में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मृतका द्वारा खर्चे के लिए पैसे मांगे जाने पर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया था। इसी गुस्से में आकर आरोपी ने पहले अपने हाथों से महिला का गला दबाया और बाद में उसकी ही साड़ी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली।
Faridabad Hotel Murder Case – प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, गत 1 नवंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ के अंतर्गत आने वाली चावला कॉलोनी के एक होटल संचालक सागर (निवासी संजय कॉलोनी) ने पुलिस को इस घटना की लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि बीती 31 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे शेखर कुमार (निवासी जिला मुंगेर, बिहार) और एक महिला होटल में आए थे और दोनों ने कमरा किराए पर लिया था। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे वह शख्स बाहर से खाना लाने की कहकर होटल से बाहर निकला, लेकिन लौटकर वापस नहीं आया। उसी दिन रात्रि करीब 9:30 बजे जब होटल का सफाई कर्मचारी कमरे की तरफ गया और भीतर झांककर देखा, तो महिला मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी हुई थी।
पुलिस ने आरोपी को किया दबोच लिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फौरन मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाकर थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या का मामला दर्ज कर लिया। इस गंभीर प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की तह तक जाने और आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) डीएलएफ को सौंपी थी। पुलिस टीमों ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारियों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आखिरकार आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।


