रांचीः झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड में नामांकन की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने सत्र 2026 के लिए प्रवेश परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी है.
इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है, जिससे छात्रों को तैयारी और आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल सके. पर्षद द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब अभ्यर्थी 7 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 मार्च 2026 निर्धारित थी. तिथि बढ़ाए जाने से उन छात्रों को विशेष राहत मिली है, जो किसी कारणवश समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे.
वहीं, परीक्षा तिथि में भी बदलाव किया गया है. पहले यह प्रवेश परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली थी, अब इसे स्थगित कर 10 मई 2026 कर दिया गया है. नई तिथि के अनुसार राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी.
JCECEB द्वारा जल्द ही एडमिट कार्ड जारी करने की तिथि भी घोषित की जाएगी. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. इसके अलावा, पर्षद अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में सुधार करने का भी अवसर देगा. करेक्शन विंडो (Correction Window) के माध्यम से छात्र अपने आवेदन में हुई त्रुटियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार सकेंगे.
बता दें कि कि यह प्रवेश परीक्षा झारखंड के विभिन्न सरकारी और निजी बीएड, एमएड और बीपीएड संस्थानों में नामांकन के लिए आयोजित की जाती है. हर साल बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं. पर्षद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं. साथ ही, समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी से वंचित न रह जाएं.
परीक्षा तिथि और आवेदन की समय सीमा में बदलाव से अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिला है, जिसका लाभ उठाकर वे अपने लक्ष्य की ओर एक कदम और आगे बढ़ सकते हैं.


