मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh Nomination) ने कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वह शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी है। कहा जा रहा था कि सिंह पहले अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच बैठक का इंतजार करेंगे। हालांकि, अब तक गहलोत को पार्टी प्रमुख से मिलने का समय नहीं मिला है। वह बुधवार रात दिल्ली पहुंच गए थे।
इसे भी पढ़ें – राहुल गांधी के स्वागत में लगे पोस्टर फटे, कर्नाटक में कल से ‘भारत जोड़ो यात्रा’
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिंह ने कहा, ‘मैं आज फॉर्म लेने आया हूं, संभवत: कल नामांकन भरूंगा।’ इससे पहले उन्होंने मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साफ कर दिया था कि वह चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं। हालांकि, उस दौरान भी उन्होंने आलाकमान के निर्देशों को मानने की बात कही थी।
Digvijay Singh Nomination – खबरें थी कि राजस्थान संकट के बीच अधर में लटकी गहलोत की उम्मीदवारी के बाद सिंह को कांग्रेस ने स्टैंड बाय पर रखा था। कहा जा रहा था कि अगर अध्यक्ष चुनाव को लेकर सोनिया और गहलोत के बीच सहमति नहीं बनती है, तो पार्टी सिंह को शीर्ष पद के लिए मैदान में उतार सकती है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रमुख चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है।
इसे भी पढ़ें – ‘लोग साथ आते गए और कारवां बनता गया’, बहुत कुछ कह रहा है शशि थरूर का ट्ववीट
इससे पहले केरल के तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद शशि थरूर ने चुनाव लड़ने के मजबूत संकेत दिए थे। उनकी तरफ से बताया गया कि वह शुक्रवार सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल कर सकते हैं। फिलहाल, ऐसे में मुकाबला थरूर बनाम दिग्विजय की ओर जा रहा है। करीब तीन नेताओं की तरफ से फॉर्म हासिल कर लिए गए हैं, लेकिन किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है।