धनबाद: जिले के गोमो स्थित हरिहरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

मामला हरिहरपुर थाना क्षेत्र के चौरापट्टी गांव का है. आरोप है कि चौरापट्टी निवासी अल्ताफ अंसारी ने अपनी पत्नी जैनब खातून की गला घोंटकर हत्या कर दी है. घटना के बाद वह परिवार के साथ घर से फरार हो गया. सूचना मिलने पर हरिहरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी.

पति पर महिला के साथ मारपीट का आरोप

मृतक के परिजनों के अनुसार, लालूडीह गांव निवासी तौहीद अंसारी की बेटी जैनब खातून की शादी साल 2019 में अल्ताफ अंसारी से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही जैनब के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी, जिसे लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई थी.

पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों का यह भी कहना है कि घटना से पहले भी जैनब के साथ मारपीट की गई थी. घटनास्थल से रस्सी और टूटी हुई चूड़ियां मिलने के कारण गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. बता दें कि मृतक के दो छोटे बच्चे भी हैं.

महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. मृतक के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव के आसपास टूटे-फूटे सामान मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है: अंकित सिन्हा, थाना प्रभारी, हरिहरपुर

Share.
Exit mobile version