धमतरी: धमतरी नगर निगम में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट महापौर रामू रोहरा ने पेश किया है. इस दौरान बजट भाषण से पहले धमतरी नगर निगम में प्रश्नकाल आयोजित किया गया. इस प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी कांग्रेस पार्षदों ने जमकर हंगामा किया है. इसी हंगामे के बीच महापौर रामू रोहरा ने बजट पेश किया.
धमतरी नगर निगम का बजट, विकास का दावा
धमतरी नगर निगम के बजट में कई विकास योजनाओं को शामिल किया गया है. महापौर रामू रोहरा ने अपने बजट भाषण में धमतरी के चौतरफा विकास का दावा किया. धमतरी में पेयजल, स्वच्छता, सड़क विकास, नगरीय विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास का प्रावधान बजट में किया गया है. महापौर ने बताया कि निगम की सरकार शहर में विकास को प्राथमिकता देगी. इसी को ध्यान में रखकर यह बजट पेश किया गया है.
धमतरी नगर निगम के बजट की बड़ी बातें
धमतरी नगर निगम के बजट की बात करें तो यह कुछ इस प्रकार है
- कुल आय: 620 करोड़ 13 लाख 23 हजार रुपये
- कुल खर्च: 619 करोड़ 53 लाख 52 हजार रुपये
- बजट लाभ: 59 लाख 71 हजार रुपये
धमतरी नगर निगम का बजट पेश, विपक्ष का हंगामा
धमतरी नगर निगम का बजट पेश होते ही विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया है. विपक्षी पार्षद जमीन पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे. कांग्रेसी पार्षदों ने सत्ता पक्ष पर कमीशनखोरी, डीजल घोटाला और बेलिंग मशीन की खरीदी में घोटाले का मुद्दा उठाया है. इस दौरान विपक्षी पार्षदों ने सदन में पोस्टर दिखाया और हंगामा किया. विपक्ष का आरोप है कि नगर निगम में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है.
