बिलासपुर : बिलासपुर से हवाई यात्रा करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से अब रात्रिकालीन उड़ान की सुविधा शुरु हो चुकी है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और इसी दौरान वे खुद रात में पहली उड़ान से रायपुर के लिए रवाना हुए. विधायक धरमजीत सिंह भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ रात्रिकालीन उड़ान में रायपुर के लिए रवाना हुए.

सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई

इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने रात्रिकालीन सुविधा को योजनाकार, तकनीकी टीम, एयरपोर्ट कर्मियों और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन उड़ान सेवा शुरू होने से बिलासपुर की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है. इसके लिए यहां के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने काफी संघर्ष किया है. उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा बिलासपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा.

रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने से अब निर्धारित और अनिर्धारित उड़ानों के साथ-साथ आपातकालीन एवं मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित हो सकेंगी, जिससे जीवनरक्षक सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी. बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी- विष्णुदेव साय,सीएम छग

हवाई सुविधा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की. यह ऐतिहासिक पहल बिलासपुर को प्रदेश के प्रमुख हवाई केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.वहीं कार्यक्रम को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी संबोधित किया उन्होंने बिलासपुर की जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी.तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट में तमाम सुविधाएं विकसित हो रही हैं. रक्षा मंत्रालय से जमीन मिल चुकी है.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई यात्रा करने के सपना पूरा हो रहा है.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में की शिरकत

आपको बता दें कि एयरपोर्ट को 3C वीएफआर से 3C आईएफआर श्रेणी में उन्नत करने के लिए कुल 31 करोड़ 1 लाख रुपए की लागत से कार्य किया गया है. इस उन्नयन के बाद डीजीसीए ने 6 फरवरी 2026 को 3C आईएफआर एवं रात्रि संचालन की अनुमति दी थी. समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की. इस दौरान विशेष रूप से विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी उपस्थित थी.

Share.
Exit mobile version