- अयोध्या से बिजली, शिक्षा से जुड़े कर सकते हैं वायदे
लखनऊ। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज सुबह लखनऊ पहुंच चुके हैं। वह अयोध्या जाएंगे। आज सुबह 8 बजे वह अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। बता दें कि दिन में केजरीवाल लखनऊ में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।
शाम को वह सरयू नदी के घाट पर होने वाली आरती में शामिल होंगे।अयोध्या में रात को वह आराम करने के बाद अगले दिन को हनुमानगढ़ी पंहुचकर रामलला के दर्शन करेंगे। केजरीवाल लंबे समय बाद यूपी आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री चुनावी वायदे कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि अयोध्या से वह रामराज्य की अपनी संकल्पना पर चर्चा कर सकते हैं। इसके अलावा अयोध्या को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के रूट मैप में भी शामिल किया गया है। हालांकि, कोरोना के चलते अभी योजना को स्थगित कर रखा है।
बता दें कि यूपी चुनावों में लोगों को अपने पाले में लाने सांसद संजय सिंह लगातार प्रयास कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी कई बार यूपी के दौरे किए। वहीं, दिल्ली के कई विधायक भी यूपी जा रहे हैं। हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
बता दें कि केजरीवाल अयोध्या से बिजली, पानी, शिक्षा आदि से जुड़े वायदे कर सकते हैं। इसके सहारे ही यूपी में आप अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में हैं।
बता दें कि बीते मार्च में केजरीवाल ने कहा था कि ‘प्रभु श्रीराम हम सबके आराध्य हैं। वो अयोध्या के राजा थे, उनके शासनकाल में सब अच्छा था। सब सुखी थे हर सुविधा थी। इसे रामराज्य कहा गया।’
उन्होंने कहा ‘रामराज्य एक अवधारणा है। वो भगवान हैं हम उनसे तुलना तक नहीं कर सकते। लेकिन उनसे प्रेरणा लेकर हम अगर एक सार्थक कोशिश भी कर सकें तो हमारा जीवन धन्य हो जाएगा। इसके लिए उन्होंने दस बिंदुओं का जिक्र किया है, जिसे पाने की कोशिश आप सरकार करेंगे।’