छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा जिले से राज्यव्यापी ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। यह महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी अभियान संपूर्ण मध्य प्रदेश में जनवरी 2027 तक अनवरत संचालित रहेगा। अभियान के अंतर्गत प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी (chief minister jan vishwas abhiyan 2026) और सुलभ बनाने हेतु प्रत्येक शुक्रवार को जिला स्तर सहित समस्त शासकीय कार्यालयों में विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम जनता की लंबित समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
chief minister jan vishwas abhiyan 2026 – छिंदवाड़ा के कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने अभियान की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026’ का मूल ध्येय जन-विश्वास की बहाली और जनकल्याण है। इसके अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नियमित क्षेत्र भ्रमण, आकस्मिक निरीक्षण व जन-संवाद के माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। साथ ही, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्रदान करना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी मैदानी स्तर पर जाकर सीधे आमजन से संवाद स्थापित करेंगे।
जबलपुर संभाग में 22 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का हुआ त्वरित समाधान
कलेक्टर ने आगे जानकारी दी कि जबलपुर संभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अब तक 22 हजार से अधिक सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। छिंदवाड़ा जिले में समाधान कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संभागीय स्तरीय अधिकारियों द्वारा भी निरंतर क्षेत्रीय भ्रमण और मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे आम जनता की समस्याओं को बिना किसी विलंब के सुलझाया जा सके।
