बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को बड़ा ट्रेन हादसा हुआ. बिलासपुर स्टेशन से 5 किलोमीटर दूर जयराम नगर और गतौरा के बीच गेवरा रोड पर कोरबा से आ रही मेमू लोकल ट्रेन (Chhattisgarh train accident) खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई. इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है. 20 यात्री घायल है.

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रेस्क्यू रातभर जारी रहा. एसईसीआर से सुबह मिली जानकारी के अनुसार तड़के सुबह 4 तक रेसक्यू चला और सुबह 6 बजे से तीनों रूट लाइन क्लियर कर दी गई है. डाउन, मिडिल और अप लाइन क्लियर हो चुकी है. मालगाड़ी और मेमू लोकल के डिरेलमेंट का रेस्क्यू एंड रीस्टोरेशन वर्क कंप्लीट हो गया है.

इसे भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ में एसआईआर : 7 फरवरी 2026 तक चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम

शुरुआती जानकारी में ये बात पता चली है कि लोकल ट्रेन के रेड सिग्नल तोड़ने की वजह से ये हादसा हुआ है. हालांकि रेलवे प्रशासन अभी इसकी जांच कर रहा है. ट्रेन एक्सीडेंट की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त स्तर पर कराई जाएगी. ट्रेन हादसे में घायलों का बिलासपुर के सिम्स, रेलवे अस्पताल और अपोलों अस्पताल में इलाज चल रहा है. एसईसीआर ने ट्रेन हादसे में मृतकों और घायलों की सूची जारी की है.

Chhattisgarh train accident – रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार देर रात नई दिल्ली स्थित वार रूम से पूरी घटना की जानकारी ली. उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. रेलवे ने दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के लिए 10 लाख रुपए का एक्स ग्रेशिया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों के लिए 5 लाख और सामान्य घायल यात्रियों के लिए एक लाख के मुआवजे की घोषणा की है. दक्षिण पूर्व मध्य रेल की टीम अस्पतालों में जाकर मुआवजा राशि बांटेगी.

Share.
Exit mobile version