मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर/कोरिया: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एमसीबी, कोरिया और चिरमिरी क्षेत्र का औचक दौरा स्थानीय प्रशासनिक अमले के लिए एक बड़ी और सख्त चेतावनी साबित हुआ है। इस दौरे के दौरान एक ओर जहां मुख्यमंत्री का आम जनता और गरीब किसानों के प्रति बेहद संवेदनशील चेहरा देखने को (surprise visit to Chirmiri) मिला, वहीं दूसरी ओर शासकीय जनकल्याणकारी कार्यों में लापरवाही व भ्रष्टाचार बरतने वाले अधिकारियों पर उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार किया।
surprise visit to Chirmiri – चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले में किसानों को दिए जाने वाले खाद वितरण में गंभीर अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी सामने आने पर बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह और सहायक लेखापाल कल्लू प्रसाद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के कड़े निर्देश दे दिए।
कोरिया जिले की प्राथमिक सहकारी समिति जिल्दा में किसानों को मिलने वाली खाद के वितरण में बड़े स्तर पर गड़बड़ी और अपात्रों को लाभ पहुंचाने की शिकायतें लगातार मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंच रही थीं। बैठक में जब मुख्यमंत्री ने इस पर जवाब मांगा तो अधिकारी बगले झांकने लगे। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर कोरिया को निर्देशित किया कि इस पूरी धांधली की गहराई से जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल दो निलंबन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इस पूरे खेल में पर्दे के पीछे शामिल अन्य जितने भी जिम्मेदार राजपत्रित अधिकारी या कर्मचारी हैं, उन सभी पर तत्काल कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।


