छतरपुर : छतरपुर की महिला सरपंचों ने महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखकर देश में डंका बजाया है. दिल्ली में राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में छतरपुर की 3 महिला सरपंच अपनी पंचायतों की (Chhatarpur’s daughters in Delhi) सफलता की कहानी देश के सामने रखेंगी. दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में छतरपुर की 03 महिला सरपंचों को आमंत्रित किया गया है.
इन महिला सरपंचों ने बढ़ाई छतरपुर की शान
ग्राम पंचायत ईशानगर की सरपंच निधि मिश्रा, गोरा की ज्योति मिश्रा और बरद्वाहा की कविता यादव दिल्ली में अपनी पंचायतों के अनुभव और किए गए कार्यों को देश के सामने साझा करेंगी. प्रभारी कलेक्टर नमःशिवाय अरजरिया ने बताया “कार्यक्रम के दौरान छतरपुर की इन पंचायतों में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित शॉर्ट फिल्म दिखाई जाएगी. महिला सरपंच मंच से अपनी चुनौतियों, अनुभवों और पंचायतों के सफर को साझा करेंगी.”
ग्राम पंचायतों में नारी सशक्तिकरण के कार्य
महिला सरपंच ग्राम पंचायतों में महिलाओ की भागीदारी सुनिश्चित कराने, ग्राम स्तर पर महिलाओं और किशोरियों की आवश्यकताओं, अधिकारों और अवसरों को प्राथमिकता देने के साथ ही एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही हैं. इन कामों को ये महिला सरपंच दिल्ली के मंच से बताएंगी. जिले की 15 पंचायतों को (Chhatarpur’s daughters in Delhi) महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत के रूप में चिह्नित किया गया है.


