दुर्ग: अंगना में शिक्षा कार्यक्रम का दुर्ग में आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए. उन्होंने इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में बदलाव को लेकर अहम बातें कही है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि जल्द ही छत्तीसगढ़ के एजुकेशन सिस्टम में गुजरात मॉडल को लागू किया जाएगा. प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुजरात मॉडल को अपनाने की दिशा में काम किया जा रहा है.
सरकारी स्कूलों की ओर लौट रहे छात्र- गजेंद्र यादव
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि ढाई लाख से अधिक बच्चे, जो पहले निजी स्कूलों में पढ़ते थे, अब सरकारी स्कूलों में लौट रहे हैं. सरकार का लक्ष्य है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकारी स्कूलों में उपलब्ध कराई जाए, ताकि मजबूरी में प्राइवेट स्कूलों की ओर जाने वाले छात्र अब सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कर सकें. अंगना कार्यक्रम में दौरान गजेंद्र यादव ने अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित किया. इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान भी किया.
कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाओं में आंसर शीट खराब मिलने की शिकायतों पर मंत्री यादव ने स्वीकार किया कि कुछ खामियां सामने आई है. उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद बोर्ड परीक्षा शुरू हुई है, इसलिए शुरुआती स्तर पर कुछ समस्याएं आई है, जिन्हें जल्द सुधार लिया जाएगा- गजेंद्र यादव, शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़
पेट्रोल डीजल में एक्साइज ड्यूटी घटना स्वागत योग्य- गजेंद्र यादव
प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पेट्रोल और डीजल में एक्साइज ड्यूटी कम किए जाने का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला आम जनता को राहत देने के लिए लिया गया है, लेकिन कुछ लोग जानबूझकर देश और प्रधानमंत्री के खिलाफ भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. मंत्री ने स्पष्ट कहा कि देश में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार जनहित में निर्णय लिए जा रहे हैं. उन्होंने इस फैसले को लेकर पीएम मोदी की सराहना की है.


