नई दिल्ली/कोलकाता: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जहां एक तरफ कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन कर रहा है और उनके इस्तीफे पर अड़ा है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उनके समर्थन में पूरी मजबूती से उतर आई है। पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने (BJP came to the defense of CEO) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद राहुल गांधी के बयानों को गंभीरता से नहीं लेती है और उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती।
भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता इस बात से बेहद राहत महसूस कर रही है कि लंबे समय बाद राज्य में भय, आतंक और डराने-धमकाने की राजनीति पर लगाम लगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की हत्या या हिंसा की बड़ी घटना नहीं हुई और आम नागरिकों को वास्तव में स्वतंत्र होकर वोट डालने का अधिकार मिला।
उन्होंने रेखांकित किया कि सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची से अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की साहसिक पहल की। बंगाल के लोगों ने लंबे अर्से बाद ऐसा सुरक्षित और पारदर्शी चुनाव देखा है।सामिक भट्टाचार्य ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता का बचाव करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में जिस तरह बिना किसी खून-खराबे और हिंसा के शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया, उसके लिए वे कम से कम ‘पद्म भूषण’ सम्मान के हकदार हैं।
राहुल और प्रियंका गांधी का तीखा हमला
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस दिल्ली, बिहार और जम्मू-कश्मीर सहित देश के कई राज्यों में लगातार विरोध मार्च निकाल रही है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करोड़ों वोटरों के नाम हटाकर जानबूझकर निष्पक्ष चुनाव बाधित करने के आरोप में ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का केस दर्ज होना चाहिए।
