नई दिल्ली : दिल्ली के छह स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम की (Bomb Threats To Schools) धमकी मिली, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल से लेने के लिए तुरंत वहां पहुंचे। इससे पहले नौ दिसंबर को भी स्कूलों को इसी तरह की बम की धमकी की सूचना मिली थी। तब कम से कम 44 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकियां मिली थीं। बाद में पुलिस ने उन धमकियों को गलत बताया था।
इसे भी पढ़ें – दिल्ली चुनाव विकास की भावना को वापस लाने की लड़ाई है : संदीप दीक्षित
Bomb Threats To Schools – दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि धमकी के संबंध में पहली कॉल सुबह चार बज कर 21 मिनट पर आई तथा इसके बाद बम की धमकी के कई फोन आते रहे। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग, पुलिस और बम निरोधक टीम, श्वान दस्तों के साथ स्कूलों में पहुंच गई हैं और जांच कर रही हैं। अपने बच्चों को छोड़ने आए कई माता-पिता उन्हें स्कूल के गेट से वापस ले जाते देखे गए, जबकि जिनके बच्चे पहले से ही परिसर में थे वे उन्हें लेने के लिए वापस आए। इस बीच, स्कूल प्रशासन ने दिन के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दीं।
इसे भी पढ़ें – दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों के नाम किए घोषित
शुक्रवार को मिली धमकियों में जिन स्कूलों को निशाना बनाया गया है उनमें पश्चिम विहार स्थित भटनागर इंटरनेशनल स्कूल,श्रीनिवासपुरी स्थित कैम्ब्रिज स्कूल, ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित डीपीएस अमर कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी स्थित साउथ दिल्ली पब्लिक स्कूल, सफदरजंग स्थित दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल और वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल शामिल हैं।

