झारखंड से सूरत गुजरात जा रही 09040 धनबाद-उधना एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि ट्रेन में चढ़ने और सीट को लेकर हुए विवाद के बाद (bloody game in train) आरोपी ने युवक पर लगातार 54 बार चाकू से वार कर दिए. घटना के बाद ट्रेन में अफरातफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वहीं एक बार फिर यात्री ट्रेन में हुई घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
नर्मदापुरम का रहने वाला था मृतक
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को जबलपुर स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने के चलते मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान 34 वर्षीय शैलेन्द्र झारिया के रूप में हुई, जो नर्मदापुरम का रहने वाला था. जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र सतना से अपने घर नर्मदापुरम लौट रहा था. इसी दौरान ट्रेन में आरोपी से हुई कहासुनी ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि उसने बेरहमी से शैलेन्द्र पर हमला कर दिया.
आरोपी हुआ फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भावना मरावी एंव वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (bloody game in train) मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों के बयान के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.

