- जानें, क्या है जीत की प्लानिंग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव का समय जैसे ही नजदीक आ रहा है, वैसे ही सभी दल सत्ता को अपने हाथों में लेने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
इस बीच यूपी में भाजपा जीत के लिए अपना कुनबा बढ़ाने पर जोर दे रही है। पार्टी ने सौ दिन-सौ काम के मोर्चे पर सभी मोर्चों को लगा दिया है।
पिछले चुनावों की तरह ही इस बार भी सरकार बूथ प्रबंधन पर फोकस कर रही है। वहीं पार्टी अपने सदस्यता अभियान मेरा परिवार-भाजपा परिवार को भी आगे बढ़ा रही है।
बता दें कि 29 अक्तूबर को इस अभियान की शुरुआत गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा की गई थी। जिसके तहत पूरे प्रदेश में 50 लाख पन्ना प्रमुख बनाए हैं। इसमें पन्ना प्रमुख को वोटर लिस्ट के एक पन्ने यानि 60 मतदाताओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
भाजपा बूथ स्तर तक कमेटियों के गठन और उनके सत्यापन का काम पूरा कर चुकी है। जल्दी ही 1 लाख 63 हजार बूथों पर बूथ प्रमुखों की भी तैनाती होगी।
चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के साथ फीडबैक देने का दायित्व भी पन्ना प्रमुखों और बूथ प्रमुखों को है। वह प्रदेश की जनता के बीच रहकर भाजपा की विचारधारा से भी जोड़ेंगे।
भाजपा के प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन ने कहा कि ‘ 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर संगठनात्मक रूप से भाजपा की तैयारी अन्य दलों से 22 कदम आगे है। पार्टी का हर कार्यकर्ता जनता के सुख-दु:ख में साथ खड़ा है। सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया जा रहा है।’
उन्होंने कहा कि ‘ऐसा नहीं है कि विपक्षी दलों की तरह सिर्फ चुनाव में पार्टी एक्टिव है, बल्कि पिछले साढ़े चार साल में ऐसा कोई अवसर नहीं आया है, जब मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच में न पहुंचे हों।