नई दिल्ली : लंदन में भारतीय लोकतंत्र के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर मचे राजनीतिक बवाल के बीच बृहस्पतिवार को संसद पहुंचे राहुल गांधी पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने चौतरफा (BJP Attacked Rahul Gandhi) हमला बोला और उन पर ‘भारत विरोधी ताकतों की भाषा’ बोलने तथा ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग के साथ खड़े होने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र व संसद को ‘‘गाली देने’’ के बाद स्वदेश लौटे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के मुंह से अपनी टिप्पणियों के लिए खेद स्वरूप एक भी शब्द न निकलना उनके अहंकार को दर्शाता है।
इसे भी पढ़ें – भारत के खिलाफ कुछ नहीं बोला, अनुमति मिली तो संसद में अपनी बात रखूंगा : राहुल गांधी
ज्ञात हो कि ब्रिटेन यात्रा से लौटने के बाद पहली बार संसद पहुंचे राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और उनसे संसद में अपना पक्ष रखने का मौका देने की अपील की। इसके बाद राहुल के खिलाफ संसद भवन परिसर में तीन केंद्रीय मंत्रियों ने, तो संसद के बाहर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मोर्चा संभाला। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही लगातार चौथे दिन हंगामे की भेंट चढ़ने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कांग्रेस नेता को अपने बयानों के लिए पहले सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें – भारत विरोधी ताकतों की भाषा बोलते हैं राहुल गांधी : भाजपा
BJP Attacked Rahul Gandhi – कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए गोयल ने कहा कि वह ऐसे व्यवहार कर रहे हैं मानों ‘‘देशभक्ति का कोई महान कार्य’’ करने के बाद वह भारत लौटे हों। गोयल ने कहा कि गांधी ने अब तक माफी नहीं मांगकर अपनी और कांग्रेस की छोटी मानसिकता का प्रदर्शन किया है। संसदीय कार्य मंत्री जोशी ने कहा कि भारत की प्रतिष्ठा पर पहले कभी इस तरह से हमला नहीं हुआ है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन विदेशी शक्तियों से हस्तक्षेप की मांग करने से बड़ा कोई अपराध नहीं हो सकता। जिस भारत को पूरी दुनिया लोकतंत्र की जननी के रूप में देखती है उसके लिए राहुल गांधी ने गंभीर अपमानजनक टिप्पणी की है, और इससे पूरे देश में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए क्योंकि सांसद और देश यही मांग कर रहे हैं।