बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रहमापुर में सोमवार देर रात कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पड़ोसी गांव बिश्नोईवाला के भाजपा नेता सुरेश भगत ने अपने बेटों और बीस-पच्चीस अज्ञात समर्थकों के साथ मिलकर एक घर में (case registered against BJP leader) धावा बोल दिया। दबंगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर परिवार के सदस्यों को बेरहमी से पीटा और घर में जमकर तांडव मचाया। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह रही कि इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर ही मूकदर्शक बनी मौजूद थी।
हालांकि, जब घर के भीतर से महिलाओं की चीख-पुकार गूंजी, तो भारी संख्या में लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने दबंगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। खुद को ग्रामीणों से घिरता देख भाजपा नेता और उनके साथी अपनी दो कीमती कारें और लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए।
case registered against BJP leader – इस पूरे बवाल की शुरुआत सोमवार देर शाम को एक मामूली बात से हुई थी। रहमापुर निवासी मोहित कुमार अपनी कार से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में पड़ोसी गांव बिश्नोईवाला निवासी भाजपा नेता सुरेश भगत के पुत्र अंकुल की पॉपलर और यूकेलिप्टिस की भारी लकड़ियों से ओवरलोड भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब हालत में बीच सड़क पर खड़ी थी।
ट्रॉली के इस तरह खड़े होने के कारण पूरा रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो चुका था। इसी रास्ते को खाली करने और ट्रॉली को थोड़ा किनारे हटाने को लेकर कार सवार मोहित और ट्रैक्टर मालिक अंकुल के बीच कहासुनी और देखते ही देखते तीखी गाली-गलौज शुरू हो गई। उस समय तो मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों को समझा-बुझाकर मामला पूरी तरह शांत करा दिया था, लेकिन दबंगों के मन में रंजिश बैठ गई थी।
