भिवानी : जिला के कस्बा बहल में चल रहे एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर सीएम फ्लाइंग, मेडिकल फ्लाइंग और ड्रग्स कंट्रोलर्स टीम ने संयुक्त छापामारी की. छापेमाारी में 40 से अधिक बंधक बनाकर (raid on drug de addiction center) रखे गए नशा रोगियों को बेहद निराशाजनक हालत में पाया गया है, जिन्हें मुक्त कराकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस दौरान मौके से नशा भारी मात्रा में अवैध रूप से रखी संदिग्ध नशीली दवाओं को भी जब्त किया गया.
केंद्र के संचालक और सह संचालक गिरफ्तारः नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और सह संचालक चिकित्सक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है.
कई घंटे चली छापेमारीः प्राप्त जानकारी के अनुसार छापेमारी की यह कार्रवाई बुधवार देर रात हुई और इसकी जांच पड़ताल गुरुवार सुबह तक टीम ने की. चिकित्सा टीम ने नशा मुक्ति केंद्र में रखे गए मेडिकल उपकरणों और दवाइयां की जांच की और उनके नमूने लेकर सील किए गए हैं.
मौके से नशीली दवाओं का जखीरा मिलाः सिविल हॉस्पिटल भिवानी के डॉ. श्वेताभ रंजन और ड्रग इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह की टीम ने जांच का जिम्मा सौंपा गया है. प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि नशा मुक्ति केंद्र (raid on drug de addiction center) का लाइसेंस फर्जी और अवैध है. नशा केंद्र से सीएम फ्लाइंग टीम को भारी मात्रा में नशीली दवाइयां का जखीरा मिला है.
