शिमला : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार बताये कि खनन माफियाओं को पुलिस पर हमले की (Attacks On Police) कौन शह दे रहा है। श्री जयराम ठाकुर ने आज यहां कहा कि सरकार को यह बताना होगा कि आखि़र खनन माफियाओं में इतना हौसला कहां से आ रहा है और कौन उन्हें शह दे रहा है कि वह पुलिस से उलझने से भी वह बाज़ नहीं आ रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफ़ियाओं का इस तरह मन बढ़ जाना प्रदेश के लिए सही नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें – एलपीजी गैस के दाम घटाने का मोदी सरकार का फैसला चुनावी जुमला : विक्रमादित्य सिंह
Attacks On Police – नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस तरह के माफ़ियाओं पर सरकार गंभीरता से कार्रवाई करे। जल्दी से जल्दी कड़ी से कड़ी सजा दिलवाए। जिससे माफ़ियाओं के हौसले टूटे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि खनन से एक तरफ़ पेयजल और सिंचाई वाली इन परियोजनाओं को जहां नुक़सान हो रहा है तो दूसरी तरफ़ स्थानीय लोगों के खेतों, फसलों और घरों को ख़तरा बढ़ रहा हैं। ऐसे में सरकार द्वारा अवैध खनन रोकने की दिशा में सख़्त से सख़्त कदम उठाए।
इसे भी पढ़ें – भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बना : जयराम ठाकुर
उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि प्रदेश में आपदा प्रभावित इलाक़ों में खनन का काम पूरी तरह से बंद है लेकिन खनन माफिया मान नहीं रहे हैं। वह खनन भी कर रहे हैं और लोगों की शिकायत के बाद उन्हें रोकने के लिए आने वाली पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार कर रहे हैं। कांगड़ा के लंज स्थित पेयजल योजना हरिपुर और सिंचाई योजना लंज के पास अवैध खनन करने की सूचना पर जब पुलिस माफ़ियाओं के खि़लाफ़ कार्रवाई करने पहुंची तो खनन माफिया पुलिस के जवानों से ही भिड़ गये। खनन कर रही जेसीबी और ट्रैक्टर को सीज करने का जमकर विरोध किया, पुलिस ने और फ़ोर्स बुलाई तब जाकर खनन कर रहे माफिया को क़ाबू में किया जा सका।
