चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा द्वारा की गई बेइमानी की सच्चाई मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद देश के सामने आ गई। इस संबंध में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में आखिरकार संविधान और लोकतंत्र की जीत हुई।

यह ऐतिहासिक फैसला है। इस फैसले से चंडीगढ़ और पूरे देश की जनता की जीत हुई है। साथ ही, यह इंडिया गठबंधन की पहली और बहुत बड़ी जीत है। एक तरह से हम यह जीत उनसे छीन कर लाए हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के 20 में से 8 वोट चोरी कर लिए गए थे, लेकिन हमने हार नहीं मानी। यह जीत संदेश देती है कि एकता, अच्छी प्लानिंग, रणनीति और मेहनत से भाजपा को हराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ये लोग बड़े विश्वास से लोकसभा चुनाव में 370 सीट आने का दावा कर रहे है। इसका मतलब है कि इन्होंने कुछ तो गड़बड़ कर रखी है। इसलिए देश के 140 करोड़ लोगों को मिलकर अपने जनतंत्र को बचाना पड़ेगा।

इसे भी पढ़ें – सीएम केजरीवाल का भाजपा पर तंज, कहा- आप हमें रोकते रहो, हम काम करते रहेंगे

यह ऐतिहासिक फैसला है: अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव विवाद पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला आया है। हम सबने देखा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में साफ-साथ था कि 20 वोट इंडिया गठबंधन और 16 वोट भाजपा के थे।

इंडिया गठबंधन के 20 में से 8 वोट गलत तरीके से रद्द घोषित कर दिए गए और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी कुलदीप कुमार को हारा हुआ और भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित कर दिया गया। मामला जब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो कोर्ट ने जल्दी-जल्दी सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने सारे बैलेट पेपर मंगाए और देखा। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने आज चंडीगढ़ मेयर चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया।

मुझे लगता है कि भारतीय इतिहास में यह पहली बार हुआ है। हम सुप्रीम कोर्ट का बहुत शुक्रिया करते हैं। क्योंकि आज देश में पूरी तरह तानाशाही चल रही है। जगह-जगह जनतंत्र को कुचला जा रहा है। देश की सारी संस्थाओं को एक तरह से कुचला और रोंदा जा रहा है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला जनतंत्र के लिए बहुत मायने रखता है। जनतंत्र को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला बहुत अहम है।

इसे भी पढ़ें – चंडीगढ़ मेयर चुनाव मामले में सुप्रीम कोर्ट का सख्त निर्देश, दोबारा हो वोटों की गिनती

यह जीत देश को देती है बहुत बड़ा संदेश: अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव का फैसला हमारे पक्ष में आना इंडिया गठबंधन की बहुत बड़ी जीत है। इंडिया गठबंधन की यह पहली जीत है। यह हमारे लिए बहुत मायने रखती है। एक तरह से हम उन लोगों से जीत छीन कर लाए हैं। उन लोगों ने तो वोट चोरी कर लिए थे। लेकिन हमने हार नहीं मानी। हम आखिरी समय तक लड़ते रहे, संघर्ष करते रहे। अंत में हमारी जीत हुई।

इसलिए यह इंडिया गठबंधन के लिए बहुत बड़ी जीत है। इंडिया गठबंधन की यह जीत देश को बहुत बड़ा संदेश देती है। जो लोग कहते हैं कि भाजपा को हराया नहीं जा सकता है, तो यह जीत बताता है कि भाजपा को एकता, अच्छी प्लानिंग, रणनीति और मेहनत से हराया जा सकता है। इस चुनाव के नतीजों ने यह साबित कर दिया है। इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों को भी इस जीत के लिए बहुत -बहुत बधाई।

उन्होंने कहा कि यह जीत चंडीगढ़ के लोगों की भी जीत है। चंडीगढ़ के लोगों ने नतीजा यही दिया था कि इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी मेयर बनना चाहिए, लेकिन उन्होंने चुनाव को चोरी कर लिया था। एक तरह से जनता की हार हो गई थी, लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद जनता की जीत हो गई है। पूरे देश की जीत हुई है। पूरे देश ने देखा कि किस तरह से इन्होंने वोटों की चोरी की थी।

इसे भी पढ़ें – सुप्रीम कोर्ट ने AAP प्रत्याशी कुलदीप कुमार को चंडीगढ़ मेयर चुनाव का विजेता घोषित किया

रंगेहाथ पकड़ी गई वोटों की चोरी: अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अकाली दल के कुल 36 वोट थे। इसमें एक संसद सदस्य शामिल है। उन 36 वोट की गणना में भाजपा वालों ने इंडिया गठबंधन के 8 वोट चोरी कर लिए। यानि हमारे 25 फीसद वोट चोरी कर लिए।

अभी कुछ दिन बाद देश का सबसे बड़ा लोकसभा चुनाव होने जा रहा है। उसमें करीब 90 करोड़ वोट हैं। अगर ये लोग 36 वोट में से 25 फीसद वोट चोरी कर सकते हैं तो 90 करोड़ वोटों में से कितने वोट चोरी करेंगे, यह सोच कर भी रूह कांप उठती है। हम सुनते तो थे कि भाजपा वाले गड़बड़ करते हैं, वोटों की चोरी करते हैं, लेकिन कभी सबूत नहीं मिला। इस बार इनकी किस्मत खराब थी। चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे और कैमरे में ये लोग रंगेहाथ पकड़े गए, इनका सारा कुकर्म पकड़ा गया। इससे साफ जाहिर है कि ये कितने बड़े स्तर पर वोटों की चोरी करते हैं।

Share.
Exit mobile version