अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा पर मुस्तैद सीमा सुरक्षा बल (BSF) की अमृतसर सेक्टर टीम ने एक बार फिर सीमापार से की जा रही नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। BSF के जवानों ने सीमावर्ती गांव मुहावा के इलाके में सर्च अभियान चलाकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 31 करोड़ रुपये (Amritsar BSF Action) मूल्य की हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से आए एक भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे ड्रोन ने मुहावा गांव के खेतों में एक बड़ा पैकेट गिराया था। इसका कुल वजन लगभग 6.15 किलोग्राम दर्ज किया गया है। तस्करों के मौके पर पहुंचने और खेप को उठाने से पहले ही BSF के सतर्क जवानों ने इसे अपने कब्जे में ले लिया।

बरामद किए गए इस बड़े पैकेट की जब बारीकी से जांच की गई, तो उसके भीतर से पीले रंग की टेप से अच्छी तरह पैक किए गए 10 छोटे-छोटे हेरोइन के पैकेट मिले। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के मुताबिक, इन दिनों सीमा पार बैठे तस्कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भेजने के लिए बड़े और आधुनिक ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये ड्रोन एक बार में 5 से 12 किलोग्राम तक का पेलोड उठाकर भारतीय सीमा के भीतर तक उड़ान भरने में सक्षम हैं।

Amritsar BSF Action – अमृतसर जिले की बात करें तो भारत-पाकिस्तान की करीब 153 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है। इस सीमा से सटे गांवों में मुहावा गांव ड्रोन की घुसपैठ और तस्करी की गतिविधियों के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है, जहां आए दिन सीमा पार से ड्रोन की हलचल दर्ज की जाती है। BSF जवानों की सतर्कता के कारण तस्कर नापाक मंशा में कामयाब नहीं हो सके और 31 करोड़ रुपये की हेरोइन की खेप जब्त कर ली गई।

Share.
Exit mobile version