अमृतसर : घल्लूघारा दिवस के मौके पर दल खालसा की तरफ से बुलाए गए अमृतसर बंद का शहर में आज व्यापक और बड़ा असर देखने को मिला। दल खालसा के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के ऐतिहासिक हॉल गेट बाजार में शांतिपूर्ण मार्च निकाला और स्थानीय दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद रखकर इस शोक में (Amritsar Bandh News)भागीदार बनने की अपील की। हालांकि, इस दौरान बाजार की ज्यादातर दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान दल खालसा की अपील के मद्देनजर पहले से ही बंद थे।
Amritsar Bandh News – दल खालसा के वरिष्ठ नेता परमजीत सिंह ने संबोधन के दौरान कहा कि 1984 के घल्लूघारा के गहरे जख्म आज भी सिख समुदाय के दिलों में पूरी तरह ताजा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिख समुदाय ने उस भयावह घटना के गुनहगारों को अभी तक माफ नहीं किया है और हर साल पूरी दुनिया में सिख समुदाय इस घटना को याद करके अपना दर्द बयां करता है।
शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए बंद का आह्वान
दल खालसा नेता परमजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दल खालसा की परंपरा के अनुसार हर साल 5 जून को रोष मार्च निकाला जाता है और 6 जून को अमृतसर बंद का आह्वान किया जाता है, ताकि 1984 के शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके। परमजीत सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से निजी तौर पर संपर्क कर इस दुख की घड़ी में भागीदार बनने की अपील की जा रही थी। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि हर साल की तरह इस बार भी शहर के लोगों और व्यापारियों ने बंद को अपना पूरा नैतिक सहयोग दिया है, जिसके लिए संगठन उनका आभारी है।
