केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पार्टी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के समर्थन में रैली को संबोधित किया. शाह ने कहा, मैं कोई लंबा भाषण नहीं देना चाहता. चुनावों के दौरान अगले 15 दिनों तक मैं बंगाल में ही रहूंगा. आप सभी से बातचीत करने के मुझे कई मौके मिलेंगे लेकिन आज मैं यहां हमारे 4 उम्मीदवारों के नामांकन के लिए आया हूं. खासकर सुवेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए.
अमित शाह ने कहा, चुनावों से पहले ही मैं लगभग पूरे बंगाल का दौरा कर चुका हूं. बंगाल के हर कोने में बस एक ही आवाज है कि इस सरकार को बदलो, ममता बनर्जी को अलविदा कहो. मैं यहां बंगाल के उन सभी लोगों के लिए आया हूं जो रंगदारी से तंग आ चुके हैं. टीएमसी के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी से तंग आ चुके हैं, महिलाओं की असुरक्षा से तंग आ चुके हैं, भारी घुसपैठ के कारण हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव से तंग आ चुके हैं और सीएम ममता द्वारा बनाए गए भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड से तंग आ चुके हैं.
पूरे बंगाल की जनता ये मांग कर रही
गृह मंत्री ने कहा, पूरे बंगाल की जनता ये मांग कर रही है कि अब इस राज्य में बदलाव होना चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बननी चाहिए. बंगाल की सीमाएं सील की जानी चाहिए और घुसपैठियों की पहचान करके उन्हें बंगाल और देश से बाहर निकाला जाना चाहिए. साथ ही गुरुदेव ने जिस ‘सोनार बांग्ला’ की कल्पना की थी, उसका निर्माण किया जाना चाहिए.
मेरे पास एक आसान तरीका है
उन्होंने कहा, मैं भवानीपुर के मतदाताओं से एक खास अपील करने आया हूं. पूरा बंगाल ममता बनर्जी को विदाई देने के लिए तैयार है लेकिन पूरे बंगाल में बदलाव लाने की ज़िम्मेदारी आपके हाथों में है. बात सीधी सी है, वो ये कि एक-एक सीट जीतकर हम आगे बढ़ेंगे. हम 170 सीटों तक पहुंचेंगे और तब जाकर बदलाव होगा, है ना? लेकिन मेरे पास एक आसान तरीका है. अगर भवानीपुर के मतदाता सिर्फ एक सीट पर जीत सुनिश्चित कर दें तो बदलाव अपने आप हो जाएगा.
ममता बनर्जी भवानीपुर में भी हारेंगी
अमित शाह ने कहा, सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे. मैंने उनसे कहा कि सिर्फ नंदीग्राम से ही नहीं बल्कि उन्हें ममता बनर्जी को उनके अपने ही चुनाव क्षेत्र में हराना होगा और उनका एक रिकॉर्ड है. पिछले चुनाव में ममता बनर्जी ने बंगाल में सरकार बनाई थी लेकिन वह खुद नंदीग्राम में सुवेंदु दा से हार गई थीं. इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल में और भवानीपुर में भी हारेंगी.
किसी को डरने की जरूरत नहीं
उन्होंने कहा, आज सुबह कुछ पत्रकारों ने मुझे फोन करके कहा कि माहौल बहुत सकारात्मक है. बंगाल के लोग चाहते हैं कि ममता बनर्जी जाएं, TMC के गुंडों को जेल हो और जिन लोगों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की है, उन्हें जेल भेजा जाए. मैंने पूछा कि समस्या क्या है तो उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडे वोट डालने नहीं देंगे. मैंने कहा, इस बार किसी को डरने की जरूरत नहीं है. किसी भी गुंडे में बंगाल के मतदाताओं को रोकने की ताकत नहीं है.


