- 29 अक्तूबर को आएंगे यूपी
लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के लिए यूपी दौरे पर आ रहे हैं। वह 29 अक्तूबर की सुबह यहां पहुंचेंगे। यूपी में उनकी सत्ता बरकरार रहे इसी प्रयास के लिए वह यूपी दौरे के लिए आ रहे हैं।
वे पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के साथ- साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। वह संगठन के पदाधिकारियों संग बैठक के अलावा जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रदेशभर का फीडबैक भी लेंगे।
यह दौरा यूपी के मिशन-2022 के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी मिल रही है कि अमित शाह के द्वारा 29 अक्तूबर को सुबह 11 बजे डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के सदस्यता कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। जिसमें वे कुछ लोगों को खुद भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे।
इसी के साथ यूपी में वृहद स्तर पर पार्टी का सदस्यता अभियान की शुरुआत हो जाएगी। पार्टी ने इस बार प्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
इसके बाद अमित शाह पार्टी कार्यालय पर संगठन के पदाधिकारियों संग पार्टी के चुनावी रोडमैप पर भी चर्चा करेंगे। वे पार्टी के पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों से भी मिलेंगे।
29 तारीख की रात को प्रदेश कार्यालय में ही रहेंगे। वहीं 30 को भी कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसी सिलसिले में सोमवार को बैठक में तैयारियों पर चर्चा की गई।
इसमें कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला व अमरपाल मौर्य, प्रदेश मंत्री संजय राय सहित अवध क्षेत्र के पदाधिकारी शामिल थे।